Stock Market Closed : उतार-चढ़ाव के बाद लुढ़के प्रमुख सूचकांक, ट्रेंट का शेयर 12 फीसदी गिरा
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में बंद हुए। टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट का शेयर 12 फीसदी से ज्यादा गिर गया। बीएसई का सेंसेक्स 104.35 अंक (0.13 प्रतिशत) टूटकर 78,180.72 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 31.65 अंक यानी 0.13 फीसदी नीचे 24,398.70 अंक रहा। दोनों प्रमुख सूचकांक सोमवार को ढाई महीने के उच्चतम स्तर पर रहे थे। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी।
वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक स्थिर रहा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.55 प्रतिशत फिसल गया। ट्रेंट ने सोमवार को एक अपडेट में बताया था कि चालू वित्त वर्ष की 30 जून को समाप्त पहली तिमाही में उसका राजस्व 19 फीसदी बढ़कर 5,666 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। यह वृद्धि बाजार के अनुमान से कम है जिसके कारण उसके शेयरों में बिकवाली देखी गयी। आईटी सेक्टर में सबसे अधिक तेजी देखी गयी।
टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और एफएमसीजी समूहों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे। धातु, फार्मा, बैंकिंग, रियल्टी, रसायन, स्वास्थ्य और मीडिया समूहों के सूचकांक नीचे बंद हुए। सेंसेक्स में एचसीएल, इंफोसिस और टेक महिंद्रा के शेयर तीन प्रतिशत के आसपास चढ़े। टाइटन में 2.62 फीसदी और इटरनल में दो फीसदी की तेजी रही। टीसीएस और बजाज फाइनेंस के शेयर एक से दो फीसदी तक मजबूत हुए।
बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी बढ़त में रहे। नुकसान उठाने वालों में ट्रेंट के बाद अडानी पोर्ट्स, बीईएल, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच लुढ़के। आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टाटा स्टील, सन फार्मा, पावरग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी लाल निशान में रहे।
ये भी पढ़ें :
Stock market closed : शेयर बाजारों में तेजी जारी, इन सेक्टरों में बिकवाली के बाद बाजार में बहार
