क्या टीम इंडिया में खत्म हो गया संजू सैमसन का करियर? जिम्बाब्वे दौरे से बाहर होने की असली वजह आई सामने
यूके दौरे के बाद स्क्वाड से बाहर होने पर उठे सवाल, लेकिन BCCI की रणनीति बताती है कि कहानी कुछ और है। युवा खिलाड़ियों को मौका देने के फैसले के बीच संजू की वापसी की उम्मीद बरकरार है।
डिजिटल डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित टीम में जगह नहीं मिलने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या संजू सैमसन का टीम इंडिया में सफर अब समाप्त हो गया है?
यह वही संजू सैमसन हैं जिन्होंने हालिया विश्व कप में लगातार तीन अर्धशतकीय पारियां खेलकर भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था। इसके बावजूद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे की टीम में शामिल नहीं किया गया, जिससे फैंस हैरान हैं।
यूके दौरे के बाद बदली तस्वीर
यूके दौरे पर संजू सैमसन तीन पारियों में केवल 6 रन ही बना सके। इसके बाद टीम प्रबंधन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया। पहले उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया और बाद में जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित स्क्वाड में भी जगह नहीं मिली।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह फैसला केवल प्रदर्शन के आधार पर नहीं बल्कि टीम प्रबंधन की भविष्य की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
क्या संजू की टीम इंडिया में वापसी होगी?
फिलहाल ऐसा नहीं माना जा रहा कि संजू सैमसन का अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया है। सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में उनका चयन पहले ही किया जा चुका है। इससे साफ संकेत मिलता है कि चयनकर्ता अभी भी उन्हें अपनी योजनाओं का हिस्सा मान रहे हैं।
जिम्बाब्वे दौरे से बाहर क्यों हुए?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीटीआई के हवाले से BCCI के एक सूत्र ने बताया कि जिम्बाब्वे दौरे पर चयनकर्ताओं की प्राथमिकता युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना है। इसी रणनीति के तहत नई प्रतिभाओं को मौका दिया गया है। सूत्र के अनुसार, यदि संजू सैमसन टीम में शामिल भी होते तो उनके प्लेइंग इलेवन में खेलने की संभावना काफी कम थी।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) को टीम में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ेंः 'मैंने ऐसा कभी नहीं कहा...' सूर्यकुमार यादव की पोस्ट से मचा हड़कंप, वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी कही ये बड़ी बात
