UP Smart Meter Refund: अतिरिक्त स्मार्ट मीटर शुल्क की वापसी शुरू, जुलाई के बिजली बिल में मिलेगा समायोजन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के आदेश पर शुरू हुई रिफंड प्रक्रिया, 10 सितंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच नया बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ।

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में जुलाई 26 से जारी होने वाले बिजली बिलों के नए बिजली कनेक्शनों पर वसूले गए अतिरिक्त स्मार्ट प्रीपेड मीटर शुल्क की वापसी का समायोजन शुरू हो गया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के 6 मार्च 26 के आदेश के अनुपालन में की जा रही है। इससे 10 सितंबर 25 से 31 दिसंबर 25 के बीच नया बिजली कनेक्शन लेने वाले लगभग 3.53 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष और राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि आयोग ने निर्धारित मीटर मूल्य से अधिक वसूली गई राशि उपभोक्ताओं को लौटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत सिंगल फेज मीटर का निर्धारित मूल्य 2,800 रुपये और थ्री फेज मीटर का 4,100 रुपये तय था, लेकिन संबंधित अवधि में उपभोक्ताओं से 6,016 रुपये और 11,341 रुपये वसूले गए। इस प्रकार सिंगल फेज उपभोक्ताओं से लगभग 3,216 रुपये तथा थ्री फेज उपभोक्ताओं से लगभग 7,241 रुपये प्रति कनेक्शन अतिरिक्त वसूले गए, जिन्हें अब बिजली बिलों में समायोजित कर वापस किया जाएगा।

परिषद के अनुसार, प्रदेश में इस अवधि के दौरान 3,53,357 नए कनेक्शन जारी हुए थे। अनुमान है कि बिजली कंपनियों को उपभोक्ताओं को 127.85 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लौटानी होगी, जो क्रियान्वयन के आधार पर 150 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

परिषद ने सभी प्रभावित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जुलाई-26 से मिलने वाले बिजली बिल का सावधानीपूर्वक मिलान करें। यदि बिल में अतिरिक्त राशि का समायोजन नहीं दिखे, तो तत्काल परिषद से संपर्क करें जिससे उपभोक्ताओं को उनका पूरा अधिकार दिलाया जा सके।

यह भी पढ़ेंः Lucknow News: गोमती रिवर फ्रंट में 25 करोड़ से चलेगा वॉटर लेजर शो, LDA ने 266 करोड़ की 120 विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी

संबंधित समाचार