Kannauj Crime News : जमीनी विवाद में बुजुर्ग की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, बेटे पर संदेह
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में रविवार रात घर के बाहर सो रहे 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला करके कथित तौर पर हत्या कर दी गई।
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में रविवार रात घर के बाहर सो रहे 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला करके कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक श्रीकृष्ण बाथम अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे, तभी अज्ञात परिस्थितियों में उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का किया निरीक्षण
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह उनके पोते रजनीश ने बाथम का खून से लथपथ शव देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के बेटे अशोक ने रविवार शाम शराब के नशे में अपने पिता से झगड़ा किया था, जिसे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शांत कराया था।

पोते की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज का प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, अशोक अलग रह रहा था और पिता से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि हत्या के पीछे करीब चार बीघा कृषि भूमि का विवाद कारण हो सकता है। पोते रजनीश की शिकायत पर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।
