बुलेट की ज़िद पर अड़ा दूल्हा गायब, नहीं आई बारात; माता-पिता, भाई और बिचौलियों सहित 7 पर केस दर्ज
हरदोई: जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज के लालच में एक शादी ऐन वक्त पर टूट गई। शादी का मंडप सज चुका था, मेहमान आ चुके थे और बारातियों के स्वागत के लिए पकवान तैयार थे, लेकिन ऐन वक्त पर दूल्हा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर गायब हो गया और बारात नहीं आई। इस धोखेबाजी के बाद दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद के आकाश सिंह से तय हुई थी शादी
मामला सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की एक युवती का विवाह फर्रुखाबाद जिले के जिराऊ निवासी इन्द्रपाल सिंह के पुत्र आकाश सिंह के साथ तय हुआ था। पीड़ित परिवार के अनुसार, बीते 19 मार्च को वरीक्षा का कार्यक्रम हुआ था, जिसमें लाखों रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद 17 जून को तिलक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पांच लाख रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी और करीब दो लाख रुपये का अन्य सामान दिया गया था।
मंडप में मेहमानों के बीच पसरा सन्नाटा
तय कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को बारात आनी थी। दुल्हन पक्ष ने 1 लाख 10 हजार रुपये के किराए पर गेस्ट हाउस लेकर उसे दुल्हन की तरह सजाया था। बारातियों के स्वागत के लिए दो दिन पहले से हलवाई बेहतरीन पकवान बनाने में जुटे थे। मंडप में मेहमानों का आना भी शुरू हो चुका था, लेकिन बारात का कहीं अता-पता नहीं था।
काफी इंतजार के बाद जब दुल्हन के पिता ने दूल्हे के पिता इन्द्रपाल सिंह को फोन किया, तो उधर से जवाब मिला कि दूल्हा कहीं गायब हो गया है, इसलिए बारात नहीं आएगी। हालांकि, बाद में परतें खुलीं तो सच्चाई सामने आई कि दूल्हा आकाश सिंह बुलेट मोटरसाइकिल की जिद पर अड़ा था और मांग पूरी न होने के कारण उसने यह कदम उठाया। इसके बाद शादी की खुशियां अचानक बेचैनी और मातम में बदल गईं।
इन 7 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
थक-हार कर दुल्हन के पिता ने सोमवार को स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दूल्हा आकाश सिंह, उसके पिता इन्द्रपाल सिंह, मां प्रविता सिंह, भाई विशाल सिंह, मनी और शादी तय कराने वाले दो बिचौलियों—विवेक व राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
