Bareilly News : अक्षय कुमार ने बरेली आकर खाया दिशा पाटनी के घर का खाना
'' वेल्कम टू जंगल '' के प्रमोशन को जाते वक्त बरेली एयरपोर्ट पर चेंजओवर
बरेली अमृत विचार। बॉलीवुड के ''खिलाड़ी कुमार'' यानी अक्षय कुमार इन दिनों एक्ट्रेस दिशा पाटनी और जैकलिन फर्नांडीस के साथ आने वाली फिल्म ''वेल्कम टू जंगल'' की प्रमोशन में व्यस्त हैं। व्यस्ता के दौरान भी वह अपनी सेहत को लेकर कितने फिक्रमंद हैं इसका एक नमूना सोमवार को बरेली एयपोर्ट पर देखने को मिला। फिल्म के प्रमोशन के लिए मुरादाबाद जाते वक्त रास्ते में बरेली से चेंजओवर के दौरान अपनी को-एक्ट्रेस दिशा पाटनी की मां के हाथ से बने खाने की डिमांड कर दी। बरेली में रहने वाले दिशा के पिता जगदीश पाटनी खाना लेकर एयपोर्ट पहुंचे जिसका अक्षय कुमार ने जमकर लुत्फ उठाया।
दरअसल अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म ''वेल्कम टू जंगल'' के लिए मुरादाबाद जाना था। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) मुरादाबाद में उनका कार्यक्रम था। लिहाजा चार्टर्ड प्लेन में बैठकर मुंबई से बरेली एयपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद चॉपर से आगे तक का रास्ता तय करना था। उनके साथ को-एक्ट्रेस दिशा पाटनी भी साथ थीं। दिशा का परिवार बरेली में ही रहता है, ये बात अक्षय अच्छी तरह से जानते हैं। इसलिए उन्होंने दिशा से उनकी मां के हाथ के बने खाने की फरमाइश कर दी। दिशा के पिता को ये बात पता चली तो चार्टर्ड प्लेन बरेली आने से पहले ही खाना तैयार कराया और एयरपोर्ट लेकर पहुंचे।
अक्षय ने खाई दाल-चावल और रोटी
जगदीश पाटनी ने बताया कि अक्षय ने बेहद सादे खाने की डिमांड की थी। लिहाजा उनकी पत्नी पदमा पाटनी ने अक्षय के हेल्थ कॉन्शियस होने का खास ध्यान रखा। दाल, चावल व रोटी खाने में बनाकर भेजा गया था। केवल अक्षय ही नहीं बल्कि क्रू में मौजूद सभी 15 सदस्यों के लिए दिशा के घर से खाना तैयार होकर गया।
राजपाल यादव व अक्षरा भी साथ
दिशा के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने बताया कि अक्षय कुमार की डिमांड पर घर का खाना तैयार कराया गया था। घर का खाना एयरपोर्ट पर पाकर वह भी काफी खुश दिखे। कुछ मिनट रुकने के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। अक्षय और दिशा के अलावा, कॉमेडियन राजपाल यादव, एक्ट्रेस अक्षरा भी मौजूद थीं।
