खबर का असर : बीए में विषय चयन को लेकर राहत, विवि ने गाइडलाइन में किया बदलाव

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बीए में प्रवेश लेने वाले चार ग्रुपों में से दो मेजर विषयों का कर सकेंगे चयन

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबाफुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में कला स्नातक के विषय संयोजन में बदलाव किया था। चार ग्रुपों में बांटकर हर ग्रुप से केवल एक मेजर विषय के चयन की गाइडलाइन बनाई थी। नोटिफिकेशन जारी होते कॉलेज की प्रवेश समिति व छात्र सकते में आ गए थे। अपना पसंदीदा विषय चुनने में उन्हें दिक्कत पेश आई। अमृत विचार ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। लिहाजा अब विश्वविद्यालय ने संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया है।

दरअसल कला संकाय में दाखिला लेने के लिए छात्रों को दो मेजर (मुख्य) विषयों का चयन करना अनिवार्य होता है। इसके अलावा स्टूडेंट्स तीसरे माइनर (गौण) विषय का चयन अपने या दूसरे संकाय से भी कर सकता है। मगर शुक्रवार को विश्वविद्यालय की तरफ से नोटिफिकेशन जारी कर विषयों को चार ग्रुपों में बांट दिया गया। निर्देश दिए गए कि छात्र किसी भी एक ग्रुप से केवल एक विषय का चयन कर सकते हैं। जिससे बरेली कॉलेज में 2026-27 के नए सत्र के दौरान बीए में अपने पसंदीदा विषय चुनने की चाह रखने वाले छात्र-छात्राओं को दिक्कत आने लगी। कई छात्र-छात्राओं ने विषय तो चुन लिए थे मगर शुल्क जमा नहीं किया। सोमवार को विश्वविद्यालय ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया। बरेली कॉलेज के प्रवेश नियंत्रक प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि अब विद्यार्थी किसी भी एक ग्रुप से दो मेजर विषयों का चयन कर सकेंगे।

इन चार ग्रुपों से चुनना हैं विषय
जिन चार ग्रुपों में कला स्नातक के विषयों को बांटा गया है उनमें ग्रुप-1 में मनोविज्ञान, भूगोल, ड्राइंग एंड पेंटिंग, डिफेंस एंड स्ट्रेटीजिक स्टडी, गृह विज्ञान, संगीत, शारीरिक शिक्षा, ग्रुप-2 में समाजशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र, दर्शनशास्त्र, सांख्यिकी, अर्थशास्त्र, गणित, एजुकेशन, ग्रुप-3 में अंग्रेजी साहित्य, हिंदी साहित्य, अरबी, फारसी, संस्कृत, उर्दू, ग्रुप-4 में हिंदी भाषा, अंग्रेजी भाषा, फंक्शनल हिंदी, टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, फैशन डिजाइनिंग, एडवरटाइजिंग, सेल्स प्रोमोशन एंड मैनेजमेंट, ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस शामिल हैं।

संबंधित समाचार