Barabanki News : ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ी गई अवैध लकड़ी, हरा आम का पेड़ काटकर ले जा रहे थे वन माफिया
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
रामनगर वन रेंज के सिरौली कलां गांव में रविवार सुबह वन माफियाओं ने बिना विभागीय अनुमति एक विशालकाय हरे-भरे फलदार आम के पेड़ को काट दिया। पेड़ की लकड़ी पिकअप पर लादकर ले जाई जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध करते हुए तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दे दी।
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर वन रेंज के सिरौली कलां गांव में रविवार सुबह वन माफियाओं ने बिना विभागीय अनुमति एक विशालकाय हरे-भरे फलदार आम के पेड़ को काट दिया। पेड़ की लकड़ी पिकअप पर लादकर ले जाई जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध करते हुए तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान लकड़ी से लदी पिकअप को कब्जे में ले लिया गया, जबकि मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते सूचना न दी जाती तो अवैध रूप से काटी गई लकड़ी आसानी से ठिकाने लगा दी जाती। घटना के बाद क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी है।
वन अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
वन दरोगा सचिन पटेल ने बताया कि मौके से लकड़ी लदी पिकअप को कब्जे में लेकर वन विभाग परिसर लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पेड़ कटान से संबंधित अनुमति के अभिलेखों की भी जांच की जा रही है।
