Gonda News : हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा दो लेन का ओवरब्रिज, रेलवे ने जारी किया रुट डायग्राम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीएचसी के सामने से शुरू होकर छतई पुरवा तक जाएगा आरओबी, 700 से 1000 मीटर होगी अनुमानित लंबाई

गोंडा के करनैलगंज स्थित हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर दो लेन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे ने रूट प्लान जारी कर दिया है। आरओबी बनने से जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।

करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार : क्षेत्रीय लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग (समपार फाटक संख्या-282) पर दो लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण प्रस्तावित है। जिसका रुट डायग्राम रेलवे ने जारी कर दिया है। परियोजना पूरी होने के बाद इस क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और मार्ग पर आवागमन सुगम होगा।

प्रस्तावित रूट प्लान के अनुसार ओवरब्रिज की शुरुआत करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने से होगी। यह हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से गुजरते हुए छतई पुरवा की ओर उतरेगा। ओवरब्रिज की कुल अनुमानित लंबाई 700 से 1000 मीटर होगी, जबकि रेलवे ट्रैक से इसकी ऊंचाई करीब सात मीटर रखी जाएगी। सड़क की चौड़ाई लगभग 10 से 12 मीटर प्रस्तावित है, जिससे दो लेन में वाहनों का संचालन संभव होगा।

जाम से मिलेगी राहत, आसान होगा सफर

वर्तमान में हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे राहगीरों, मरीजों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ओवरब्रिज बनने के बाद बिना रुके आवाजाही संभव होगी और समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना करनैलगंज नगर के यातायात के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ओवरब्रिज बनने से न केवल जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

एनओसी जारी, अब रेलवे कराएगा निर्माण

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जूनियर इंजीनियर अनिल यादव ने बताया कि करनैलगंज-हजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण प्रस्तावित है। विभाग की ओर से परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है। अब निर्माण कार्य रेलवे विभाग को कराना है।  रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि करनैलगंज रेलवे स्टेशन के समीप स्थित समपार फाटक संख्या-282 स्पेशल पर प्रस्तावित आरओबी परियोजना का रूट चार्ट और प्रारंभिक नक्शा तैयार हो चुका है। परियोजना से संबंधित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं भी प्रगति पर हैं। विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज