Bareilly News : करिश्मा कॉलोनी में नाला विवाद गहराया, लोगों ने काम रुकवाया

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मुख्य सड़क की चौड़ाई घटने, पुराना नाला पाटने के फैसले पर उठाए सवाल

बरेली, अमृत विचार। मिनी बाईपास स्थित करिश्मा कॉलोनी के मुख्य रोड पर नाला निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह नाले का काम रुकवा दिया। आरोप है कि नगर निगम कॉलोनी के अंदर बने नौ फुट चौड़े पुराने नाले को पाटकर मुख्य सड़क पर नया निर्माण करा रहा है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाएगी।

यह मार्ग करिश्मा कॉलोनी के अलावा हर्ष कॉलोनी, मठ कमल नैयनपुर, बालाजी धाम, जीएन सिटी समेत कई आवासीय कॉलोनियों के हजारों लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। क्षेत्रवासी जगदीश गंगवार, अनुज, योगेंद्र, सतीश, संदेश सक्सेना, तरुण, देवेश मिश्रा और कृष्णकांत शर्मा आदि का कहना है कि यह नाला बीडीए की ओर से वर्ष 2002 से पहले बनाया गया था, जिसका बीडीए का नक्शा भी उनके पास मौजूद है। हालांकि, विभाग वर्ष 1953 के पुराने नक्शे का हवाला देकर इसे अवैध बता रहा है।

नाराजगी इस बात को लेकर है कि मुख्य रास्ता संकरा होने से भविष्य में जलभराव, जाम और दुर्घटनाएं बढ़ेंगी, जबकि पुराना नाला पाटने से कॉलोनी के अंदर कुछ विशेष लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। सुबह विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही निगम के निर्माण विभाग के जेई अनुराग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी कार्य नियमों के विपरीत नहीं किया जाएगा। फिलहाल, पैमाइश और नक्शों की जांच के लिए सोमवार सुबह आपत्ति करने वाले प्रमुख लोगों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय बुलाया गया है, तब तक के लिए काम रोक दिया गया है।

संबंधित समाचार