कैनविज के निदेशक कन्हैया गुलाटी पर अब 50 हजार का इनाम, सैकड़ों करोड़ की ठगी में है फरार
बरेली से लेकर उत्तराखंड, बिहार और झारखंड तक हजारों लोगों को ठगी का मामला
अमृत विचार : बरेली पुलिस ने कैनविज समूह के निदेशक कन्हैया गुलाटी पर इनाम की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। सैकड़ों करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में घिरा कन्हैया गुलाटी लंबे समय से फरार है। डीआईजी ने इनाम राशि बढ़ा दी है। इसके साथ ही उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो गया है। कन्हैया गुलाटी के देश से बाहर भी भागने की आशंका जताई जा रही है।
कन्हैया गुलाटी की कैनविज ग्रुप पर निवेश के नाम पर सैकड़ों करोड़ की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप है। उसके खिलाफ 80 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। ये मुकदमें यूपी के बरेली के अलावा, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में भी हैं। मामले की जांच अब एसआईटी को सौंप दी गई है। वहीं, बरेली पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हालांकि कन्हैया पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा है।
पिछले दिनों बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कन्हैया के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जिसे डीआईजी ने बढ़ाकर अब 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
बरेली में जारी प्रदर्शन
बरेली में कन्हैया गुलाटी के खिलाफ कई दिनों से विरोध-प्रदर्शन जारी है। निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार लोग धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि कन्हैया गुलाटी से उनका पैसा वापस दिलाया जाए।
रेड कॉर्नर नोटिस
कन्हैया गुलाटी के विदेश भागने की आशंका के चलते ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने की बात सामने आ रही है। इस बात की संभावना अधिक है कि आरोपी देश से फरार हो गया हो। बहरहाल, अब स्थानीय पुलिस से लेकर शासन स्तर तक, कन्हैया पर शिकंजा कसता जा रहा है और देर-सवेर उसके कार्रवाई की जद में आने की संभावना बढ़ती जा रही है।
