बाराबंकी हादसा: बरगद की डाल गिरने से टूटी बिजली लाइन, तार की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जैदपुर थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर दर्दनाक हादसा, चाय पीकर घर लौट रहे सत्य नारायण शुक्ला की जिला अस्पताल में इलाज से पहले ही मौत की पुष्टि।

बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बरगद के पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन पर गिर गई। इससे बिजली का तार टूटकर सीधे बुजुर्ग के सिर पर आ गिरा। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के कोला गांव निवासी सत्य नारायण शुक्ला (75) पुत्र माता प्रसाद शुक्ला रोज की तरह रविवार शाम साइकिल से तकिया चौराहे पहुंचे थे। उन्होंने सड़क किनारे बरगद के पेड़ के नीचे साइकिल खड़ी की और पास स्थित एक होटल पर चाय पी।

चाय पीने के बाद जैसे ही वह घर लौटने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान बरगद के पेड़ की एक भारी डाल टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गई। डाल के दबाव से बिजली का तार टूट गया और सीधे उनके सिर पर आ गिरा। करंट और चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जैदपुर पुलिस की मौजूदगी में घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटे का विवाह हो चुका है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जैदपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बरगद की डाल गिरने से बिजली का तार टूटकर बुजुर्ग के ऊपर आ गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा सड़क किनारे जर्जर पेड़ों और उनके आसपास से गुजर रही बिजली लाइनों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

यह भी पढ़ेंः Raebareli Accident: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

संबंधित समाचार