Meerut News : बारिश के पानी से भरे रेलवे अंडरपास में डूबी बग्घी, चालक और घोड़े की मौत
मेरठ। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बारिश के कारण रेलवे अंडरपास में भरे पानी ने एक और जान ले ली। बिजलीबंबा मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास में बग्घी समेत उतरने पर चालक और उसका घोड़ा पानी में डूब गए। दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
चारा लेने निकला था बग्घी चालक
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड निवासी राकेश सैनी (40) रविवार को अपनी बग्घी से पशुओं का चारा लेने जा रहे थे। रास्ते में बिजलीबंबा मार्ग से बाजौट जाने वाले रास्ते पर स्थित रेलवे अंडरपास में बारिश का करीब सात से आठ फुट पानी भरा हुआ था।
चेतावनी के बावजूद उतार दी बग्घी
मौके पर तैनात रेलवे गैंगमैन ने राकेश सैनी को अंडरपास में जाने से मना किया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद उन्होंने बग्घी पानी में उतार दी। अंडरपास के बीच पहुंचते ही बग्घी गहरे पानी में डूबने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक और घोड़ा दोनों पानी में डूब चुके थे।
आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बैरियर पर लगी लोहे की जंजीर और रस्सी की मदद से बग्घी, घोड़े और चालक के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जलभराव वाले मार्ग पर आवाजाही रोकी गई
पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि अंडरपास में अत्यधिक जलभराव को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सहायक मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। साथ ही अंडरपास में जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलभराव की स्थिति में अंडरपास का इस्तेमाल न करें।
