महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंके जाने की घटना पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- भाजपा बना रही राजनीतिक हिंसा का माहौल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सपा प्रमुख ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित अंडे फेंके जाने की घटना की निंदा करते हुए भाजपा पर राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से मामले का संज्ञान लेने की मांग की।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए भाजपा पर राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाने का आरोप लगाया और न्यायपालिका तथा लोकसभा अध्यक्ष से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।

बताया गया है कि महुआ मोइत्रा को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन पर अंडे फेंके गए और उनके खिलाफ नारेबाजी की गई। लोकसभा में 37 सांसदों वाली समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा अपने शासन वाले राज्यों में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का विषैला वातावरण तैयार कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का राजनीतिकरण किया जा रहा है और लोकतांत्रिक विरोध की मर्यादाओं को तोड़ा जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह का नकारात्मक और हिंसक व्यवहार पूरे देश में नाराजगी और आक्रोश पैदा कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी इस प्रकार की घटनाओं से असहज हैं, क्योंकि भविष्य में ऐसी घटनाएं उनके खिलाफ भी हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि बड़े नेता तो सुरक्षा घेरे में रहते हैं, लेकिन आम कार्यकर्ताओं को जनता के बीच ऐसे माहौल का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। इस संबंध में उन्होंने घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया।

महुआ मोइत्रा ने क्या लगाए आरोप?

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा का आरोप है कि नादिया जिले के कालीगंज क्षेत्र के पलाशी में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के आवास पर आयोजित बैठक में शामिल होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने 'वापस जाओ' और 'चोर' के नारे लगाए तथा उन पर अंडे फेंके।महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। उनका आरोप है कि उन पर किया गया हमला सुनियोजित था और इसके पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका है।

संबंधित समाचार