Bareilly News : नई ट्रेनें, स्टापेज,ओवरब्रिज, यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

इज्जतनगर मंडल समिति की बैठक में सांसदों ने अफसरों के साथ रेलवे से जुड़ी सुविधाओं-समस्याओं पर की चर्चा, बैठक में रेलवे अधिकारियों ने गिनाईं उपलब्धियां, रेलवे के पुनर्विकास पर दिया जोर

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में मंगलवार को इज्जतनगर मंडल समिति की बैठक में सांसदों समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रेल विकास और यात्री सुविधाओं के मुद्दे उठाए। बैठक में रेलवे ने बीते वर्ष की उपलब्धियों और चल रही परियोजनाओं का ब्यौरा दिया, वहीं जनप्रतिनिधियों ने नए ट्रेनों के ठहराव, ओवरब्रिज-अंडरपास जैसे स्थानीय मुद्दे उठाए।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव रेलवे के लिए जन-आकांक्षाओं को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। 2025-26 में इज्जतनगर मंडल में चार रोड ओवरब्रिज और 11 अंडरब्रिज तैयार किए गए हैं। कई नई परियोजनाओं पर काम जारी है। त्योहारों के दौरान 22 विशेष ट्रेनों के 248 फेरे संचालित किए गए और कई नई रेल सेवाएं शुरू की गईं। कई नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे गए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इज्जतनगर मंडल के 17 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी दी।

बैठक में बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने जादौपुर, सेंथल, बिजौरिया, हंसा, रिठौरा रोड और सेमीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास बनाने, भोजीपुरा क्षेत्र में रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने, अलखनाथ मंदिर के पास आवागमन की बेहतर व्यवस्था की मांग रखी। आंवला सांसद नीरज मौर्य ने रेलवे स्टेशनों पर बाउंड्रीवाल, शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद नई रेललाइन का सर्वे, यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, कुलियों के लिए विश्राम कक्ष, रेलवे भूमि के सदुपयोग और दरियांगंज क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण का मुद्दा उठाया। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने कालिंदी एक्सप्रेस, पूर्णागिरि जनशताब्दी, त्रिवेणी एक्सप्रेस, रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के नए स्टॉपेज, नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, अंडरपासों में जलनिकासी, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार संबंधी सुझाव दिए। इस मौके पर सांसद अशोक कुमार रावत, मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा, एटा-कासगंज सांसद देवेश शाक्य, सांसद जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि सदस्य (विधान सभा) विवेक कुमार वर्मा, सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि अनूप मिश्रा, सांसद अजय भटट् के प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में प्रमुख रूप से उठे ये मुद्दे

-बिशारतगंज स्टेशन पर सद्भावना एक्सप्रेस और चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस का ठहराव।
-आंवला स्टेशन पर चंडीगढ़-लखनऊ, सहरसा-आनंद विहार, बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार, राधिकापुर-आनंद विहार एवं कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस का ठहराव।
-पूर्णागिरी एक्सप्रेस का रेवती बहोड़ा खेड़ा स्टेशन पर ठहराव।
-शाहजहांपुर से मुंबई के लिए नई ट्रेन।
-शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद रेल लाइन
-मथुरा के लिए दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन।
-रामनगर-बांद्रा व रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के फेरों में बढ़ोतरी।
-भमोरा-आंवला व अखा-गैनी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण।

-किला पुल रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास
-सभी प्लेटफार्मों पर टिन शेड।

-स्टेशन परिसर की बाउंड्री वॉल।
-एसी और स्लीपर यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय।

-कुलियों के बैठने की समुचित व्यवस्था।
-पैसेंजर ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आरपीएफ एस्कॉर्ट।
-मंडल चिकित्सालय इज्जतनगर में डॉक्टरों की नियुक्ति।

-रेलवे की खाली जमीन पर दुकानों का निर्माण ।
-जिला स्तरीय स्टेशनों पर अधिक जनरल ट्रेनों का ठहराव

संबंधित समाचार