यूपी में कोरोना की वापसी.... सांस लेने की दिक्कत के बाद BHU अस्पताल में युवक की COVID-19 रिपोर्ट आई पॉजिटिव
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आशापुर निवासी 27 वर्षीय युवक की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
टीबी के इलाज में निकला कोरोना
बीएचयू के चिकित्सकों के अनुसार युवक कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल के चेस्ट एवं टीबी विभाग में इलाज के लिए पहुंचा था। लगातार सांस लेने में परेशानी को देखते हुए उसकी COVID-19 जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया।
पहले की तुलना में काम असरदार
फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले की तुलना में काफी धीमी हो गई है, लेकिन वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इससे स्पष्ट है कि संक्रमण अभी भी समाज में मौजूद है और समय-समय पर लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने तथा सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है।
