बहराइच के स्कूल में लोकतंत्र की अनोखी मिसाल: दीपिका बनीं 'बाल प्रधानमंत्री', ताजुद्दीन को मिली रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

उच्च प्राथमिक विद्यालय डीहा में 'बाल संसद' चुनाव का आयोजन, मतदान से लेकर शपथ ग्रहण तक बच्चों ने सीखी लोकतांत्रिक प्रक्रिया

बहराइच। विकास खंड चित्तौरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय डीहा में 'देहात इंडिया' के सहयोग से बाल संसद चुनाव का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ बढ़ाना और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा।

चुनाव को वास्तविक निर्वाचन प्रक्रिया की तर्ज पर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न मंत्रालयों के लिए नामांकन दाखिल किए, चुनाव प्रचार किया, अपने घोषणा-पत्र प्रस्तुत किए और मतदान में हिस्सा लिया। इसके बाद निष्पक्ष मतगणना कर विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की गई।

चुनाव परिणाम के अनुसार दीपिका को बाल प्रधानमंत्री, भुवन गुप्ता को शिक्षा मंत्री, नंदिनी को खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री, सुबीना को सफाई एवं स्वास्थ्य मंत्री, ताजुद्दीन को रक्षा मंत्री तथा शाहनवाज को सूचना मंत्री चुना गया।

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक विशेश्वर सिंह और 'देहात इंडिया' की टीम की मौजूदगी में सभी नवनिर्वाचित बाल मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

'देहात इंडिया' के अमरेश कुमार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। वहीं प्रधानाध्यापक विशेश्वर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए नवगठित बाल कैबिनेट को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर शिक्षिका शिखा मिश्रा, शाहजहाँ अंसारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुशीला, अलीम, नीलम तथा 'देहात इंडिया' की टीम से अदनान अंसार और देवेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः पयागपुर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बयान: 'योगी आदित्यनाथ संत नहीं, राजनेता हैं', गौ संरक्षण पर भी सरकार को घेरा

संबंधित समाचार