Bareilly News : आला हजरत के उर्स का ऐलान,  7 से 9 अगस्त तक मनाया जाएगा उर्से रजवी 

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। आला हजरत, इमाम अहमद रजा खान के 108वें उर्से रजवी का ऐलान हो गया है। पश्चिमी यूपी के सबसे बड़े सालाना आयोजनों में से एक, उर्से रजवी इस बार 7, 8 और 9 अगस्त को मनाया जाएगा। दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां), काजी-ए-हिंदुस्तान और दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) और दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने संयुक्त रूप से उर्से रजवी की तारीखों की घोषणा की है। 

सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों का मरकज (केंद्र) बरेली है। दुनियाभर में आला हजरत के चाहने और मानने वाले हैं। उर्से रजवी के मौके पर हर साल बरेली इसका गवाह बनता है। इस साल भी शानो-शौकत के साथ उर्स मनाया जाएगा। 

दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने दरगाह के बुजुर्गों के हवाले से जारी बयान में कहा कि उर्से रजवी की तारीख घोषित हो गई है। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह इस बार देश-दुनिया से लाखों जायरीन पहुंचेंगे। उर्स की तारीखों को लेकर दुनियाभर में पैगाम भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। तमाम उलमा, जायरीन और अकीदतमंद दरगाह के बुजुर्गों के संपर्क में हैं। जायरीन की सहूलियत को लेकर पहले से ही उर्स की तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। 

जमात रजा-ए-मुस्तफा के मीडिया प्रभारी रहे समरान खान के मुताबिक, उर्से रजवी शानो-शौकत के साथ मनाया जाएगा। बरेली में सैकड़ों की संख्या में आला हजरत के चाहने वाले उर्से रजवी में खिदमत अंजाम देते हैं। यह सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा। 

उर्स की तारीख में बदलाव
इस बार सावन के महीने में आला हजरत का उर्स है। बरेली में एक साथ श्रद्धा और अकीदत का खुशनुमा नजारा होगा। उर्स की तारीखों में भी थोड़ा बदलाव हुआ है। अमातौर पर चांद की 23 सफर से लेकर 25 सफर तक उर्स मनाया जाता है। लेकिन इस बार 22 सफर से उर्स शुरू होगा।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज