Amroha News : आंगन में सोता रहा परिवार, घर से डेढ़ लाख की नकदी समेत जेवर और लैपटॉप चोरी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

अमरोहा, अमृत विचार। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव मिलक पापड़ी में चोरों ने एक गरीब परिवार के घर को निशाना बनाते हुए नकदी, लैपटॉप और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे। सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।

घटना थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव मिलक पापड़ी की है। गांव निवासी शहंशाह आलम के अनुसार सोमवार देर रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरे में रखी अलमारी को खंगाल डाला। चोर अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे और घर के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त व नकदी जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब मिलने पर परिवार के होश उड़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक अपराधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने, चोरी हुए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नौगावां क्षेत्राधिकारी अवध भान सिंह भदौरिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार