Kanpur News: अपमान का बदला लेने के लिए किसान की हत्या, महिला संग आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद शुरू हुआ था विवाद, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

ट्यूबवेल पर दारू पार्टी के बाद पहुंचा था हत्यारोपी, मारपीट होने पर उसने फरसा मार की हत्या

कानपुर के महाराजपुर में किसान हरिमोहन यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, गांव के युवक छोटू पासवान ने कथित बेइज्जती और चोरी के झूठे आरोप से नाराज होकर फरसे से हत्या की। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर जेल भेज दिया गया।

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर में अपमान का बदला लेने के लिए गांव के ही युवक ने किसान की हत्या की थी। हत्यारोपी ने किसान को एक महिला के साथ अपत्तिजनक हालत में देखा था। वह किसी को बताता इससे पहले किसान ने उस पर चोरी का आरोप लगा दिया। उसका कुछ सामान भी अपने पास रख लिया। ट्यूबवेल पर दारू पार्टी के बाद आरोपी युवक किसान से अपना सामान लेने पहुंचा, तभी विवाद हुआ और उसने फरसा से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने फरसा बरामद कर आरोपी को जेल भेजा है। 

हाथीगांव निवासी 55 वर्षीय किसान हरिमोहन यादव अविवाहित था। उसके तीन भाइयों का परिवार में गांव में रहता है, जबकि वह घर से डेढ़ किमी दूर श्यामनगर निवासी अनिल प्रताप सिंह के ट्यूबवेल पर रहता था और उनके खेतों की रखवाली करता था। गुरुवार तड़के हरिमोहन का शव ट्यूबवेल पर मिला था। धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई थी। मौके पर शराब की बोतल, डिस्पोजल व खाने की प्लेटें मिली थीं।

परिजनों के अनुसार देर रात ट्यूबवेल पर पांच-छह लोगों ने दारू पार्टी की थी। छोटे भाई भगवान दीन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन सभी ने पार्टी के बाद चले जाने की बात बताई। इसी बीच ग्रामीणों से पता चला कि 6-7 दिन पहले हरिमोहन का गांव के छोटू पासवान से विवाद हुआ था। छोटू पर 900 रुपये चोरी का आरोप लगाकर हरिओम ने उसका फावड़ा व कुदाल रख ली थी। बदनाम होने पर छोटू खुन्नस मानने लगा था। इस पर पुलिस ने छोटू को उठाया तो उसने गुनाह कुबूल कर लिया।

महिला के साथ देखने के बाद शुरू हुआ विवाद

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने हत्या का खुलासा करते बताया कि छोटू ने हरिओम को ट्यूबवेल पर किसी महिला के साथ अपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद उस पर फर्जी 900 रुपये चोरी का आरोप लगा दिया। उसका सामान भी छीन लिया। वह गुरुवार रात को पार्टी के बाद अपना सामान ही लेने गया था। तब फिर बेइज्जत किया। पहले भी चोरी में बदनाम कर चुका था। इसी खुन्नस में मारपीट के दौरान फरसे से उसकी हत्या कर दी। फरसा मारने के दौरान उसके हाथ में भी चोट लगी थी। हत्या के बाद वह पत्नी को लेकर महाराजपुर कस्बा स्थित ससुराल चला गया था।  

आरोपी को लगी चोट से खुला राज

डीसीपी पूर्वी ने बताया कि छोटू उर्फ धर्मेंद्र ससुराल से जब वापस गांव आया तो उसके हाथ में चोट लगी थी। उसके पास खून लगा फरसा भी था। यह सब उसके एक दोस्त ने देख लिया। उसने पुलिस को बताया और पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की। सख्ती बरतने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने घटनास्थल व फरसे पर लगे खून के सैंपल की जांच कराई तो एक ही निकले। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

संबंधित समाचार