सैन्य अधिकारी को अगवा कर लूटपाट करने वाले दो बदमाश गाजियाबाद से गिरफ्तार
करीब 32 माह से फरार थे आरोपी, दो बदमाश पूर्व में जा चुके हैं जेल
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: सेना के सीनियर ऑडिटर को प्लॉट दिलाने के बहाने अगवा कर 1.80 लाख रुपये लूटने व 96 हजार का लोन कराने वाले गिरोह के दो और बदमाशों को मड़ियांव पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब 32 माह से फरार चल रहे थे। पुलिस उक्त मामले में दो आरोपियों को पूर्व में जेल भेज चुकी है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि एलडीए कॉलोनी सेक्टर-ओ मानसरोवर योजना निवासी सीनियर ऑडिटर आनंद कुमार वर्मा के पास 23 नवंबर 2023 को अज्ञात नंबर से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने सीतापुर रोड पर प्लॉट दिखाने की बात कहकर उन्हें मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास बुलाया। 24 नवंबर को वह ऑटो से स्टेशन पहुंचे। वहां एक युवक बाइक से आया था। उसने उन्हें बाइक पर बैठाया और गलियों में घुमाता हुआ एक निर्माणाधीन मकान में ले गया। असलहाधारी बदमाशों ने धमकाकर उनके कपड़े उतरवाए और तलाशी ली। उसके बाद अश्लील वीडियो बना से 1.80 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए थे। 26 नवंबर को बदमाशों ने छोड़ दिया था। कोर्ट के आदेश पर आशियाना थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई और फिर विवेचना अक्टूबर 2024 में मड़ियांव थाने में ट्रांसफर हुई।
छानबीन के दौरान हिमांशु मिश्रा, गौरव मिश्रा, शाहरुख तथा राज पंचाल उर्फ अर्जुन उर्फ विजय पंचाल के नाम सामने आए। जिसके बाद पुलिस ने 16 जनवरी को गौरव मिश्र और 23 मई को दस हजार के इनामी हिमांशु मिश्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनायी गयी। छानबीन में पता चला कि फरार दोनों आरोपी गाजियाबाद में शरण लिए हैं। जिसके बाद पुलिस की दो टीम वहां रवाना की गयी।
पुलिस ने 17 जुलाई को गाजियाबाद से अर्जुन निवासी सिहानीगेट गाजियाबाद और शाहरूख निवासी हर्ष विहार उत्तर-पूर्वी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी अर्जुन ई-ऑटो चालक और शाहरूख पिकअप चालक हैं। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
