वृद्धा से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
14 जुलाई को बेटे ने दर्ज करायी थी रिपोर्ट
संवाददाता, बख्शी का तालाब, अमृत विचार: इटौंजा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संजय उर्फ छंगा उसी गांव का रहने वाला है। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि 13 जुलाई की देर रात इटौंजा निवासी वृद्धा शौच के लिए घर के बाहर गयी थी। इसी दौरान आरोपी ने मुंह दबाकर उसे खींच लिया था। विरोध पर मारपीट कर दुष्कर्म किया था। वृद्धा के बेहोश होने पर आरोपी भाग निकला था। बेटे ने 14 जुलाई को इटौंजा थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने मेडिकल के साथ ही पीड़िता के बयान दर्ज करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
छानबीन के दौरान अतिरिक्त निरीक्षक विनोद कुमार यादव व उनकी टीम ने शनिवार को सीएचसी क्रॉसिंग इटौंजा के पास से आरोपी संजय उर्फ छंगा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी पेशे से चालक है। वह अपने भाई के साथ वृद्धा के घर से कुछ दूरी पर झोपड़ी डालकर रहता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर गांव की कई महिलाओं ने छींटाकशी का आरोप लगाया है।
