हिमांशी दहेज हत्या में पति समेत तीन गिरफ्तार
पोस्टमार्टम के बाद मायकेवालों को सौंपा गया शव
संवाददाता, बख्शी का तालाब, अमृत विचार: विवाहिता हिमांशी (26) की मौत के बाद शव को नहर में फेंकने वाले आरोपी अधिवक्ता पति, उसकी मां व बहन को इटौंजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही नहर में मिला शव हिमांशी का था या नहीं, इसकी पुष्टि करने के लिए डीएनए की कार्रवाई भी की जाएगी।
एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि सीतापुर निवासी पवन कुमार कश्यप ने 13 जुलाई को बेटी हिमांशी (26) की दहेज के लिए हत्या कर शव को नहर में फेंककर गायब करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पीड़ित ने पति प्रदीप गौड, सास सुनीता, ससुर श्रीराम, जेठ संदीप गौड, ननद प्रीति, राखी व प्रीति के बेटे शिवा उर्फ लकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी थी। बताया था कि मूल रूप से सीतापुर के अटरिया निवासी आरोपी इटौंजा तुर्की में रहते हैं।
14 जुलाई को नगराम स्थित रेगुलेटर में महिला का शव मिला था। गुरुवार को परिजन ने शिनाख्त की थी। छानबीन के दौरान इंस्पेक्टर सोबरन सिंह और उनकी टीम ने आरोपी पति प्रदीप कुमार, उसकी मां सुनीता व बहन राखी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि मेट्रिमोनियल साइट से हिमांशी से मुलाकात हुई थी। दोनों परिवार की रजामंदी पर शादी हुई थी। शादी के बाद छोटी-छोटी बातों पर उनका विवाद होता रहता था।
आरोपी ने कहा कि 12 जुलाई को अमरनाथ जाने के लिए वह तैयारी कर रहा था। हिमांशी उससे नाराज थी। खाना खाने के बाद वह छत पर सोने चला गया। सुबह उठकर टहलने गया। वापस लौटा तो बहन ने बताया कि हिमांशी ने फंदा लगा लिया है। इसपर हिमांशी के शव को उतारकर मां व बहन राखी की मदद से कार में डालकर चिनहट के पास बड़ी नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गुत्थी उलझी
हिमांशी का पोस्टमार्टम शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल ने किया। वीडियोग्राफी भी की गई। मौत डूबने से मौत हुई है। डॉक्टरों ने जांच के विसरा भी सुरक्षित रखा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गुत्थी उलझ गई है। क्योंकि पति का कहना है कि हिमांशी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसने शव को नहर में फेंक दिया था। इस स्थिति में मौत का कारण डूबने से कैसे आ सकता है? यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या जिंदा रहते ही हिमांशी को बेहोशी की हालत में नहर में फेंक दिया गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। वहीं अब शिनाख्त को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि नहर में मिला शव हिमांशी का ही है कि नहीं। फिलहाल पुलिस पुख्ता शिनाख्त के लिए शव का डीएनए टेस्ट कराएगी। जिससे कि शिनाख्त पुख्ता की जा सकी। फिलहाल पुलिस इस मामले में कई बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
