रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के मकान में 20 लाख की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Indrabhushan Dubey
On

सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए तीन नकाबपोश

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर में रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के घर का ताला तोड़कर तीन नकाबपोश चोरों ने 18 लाख के जेवर और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उठा ले गए। मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे में चोरों की करतूत कैद हुई है। दो दिन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित थाना व चौकी चक्कर काटता रहा। अधिकारियों की फटकार के बाद शनिवार देर शाम इंदिरानगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।

चांदन स्थित पाल्म पैराडाइज वेलफेयर सोसाइटी निवासी अभिषेक प्रभाकर पूर्वोत्तर रेलवे गोमतीनगर में सीनियर सेक्शन इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को वह पत्नी सुनंदा झा और बेटी अभिश्री को लेने पैतृक निवास मधुबनी बिहार गए थे। 16 जुलाई को कार से लौटते समय सुबह 11:09 बजे घर में काम करने वाली नौकरानी बब्ली की कॉल आयी। उसने बताया कि घर का मेन गेट खुला हुआ है। अभिषेक ने पड़ोस में रहने वाले मोहित को घर देखने के लिए कहा। मोहित और बब्ली भीतर गए तो सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थीं। अभिषेक ने कार किनारे रोककर मोबाइल पर घर का सीसीटीवी चेक किया, लेकिन उसमें पुराना और नया कोई फुटेज नहीं मिला। चोर घर में लगी डीवीआर भी साथ ले गए थे। पड़ोसी मोहित ने डॉयल-112 पर सूचना दी।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर 

मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियोग्राफी की और थाने में तहरीर देने की बात कहकर चली गई। देर शाम करीब पौने आठ बजे अभिषेक परिवार के साथ घर पहुंचे तो नीचे के दोनों कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोर 18 लाख के जेवर, नकदी और कैमरे का डीवीआर उठा ले गए। अभिषेक ने मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे चेक कराए। जिसमें तीन लड़के देर रात करीब 2 बजे बारिश में भीगते हुए मोहल्ले में आए। इसके बाद वे उनके घर के अंदर गए और कुछ देर बाद हाथ में बैग लेकर निकल जाते हैं। बारिश की वजह से गली में कोई नहीं था, इसलिए चोर आसानी से घटना को अंजाम देकर निकल गए। पीड़ित ने चौकी व इंदिरानगर थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

संबंधित समाचार