18 साल बाद टूटा CSK और स्टीफन फ्लेमिंग का साथ, IPL इतिहास की सबसे सफल साझेदारियों में से एक का हुआ अंत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पांच IPL और दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब दिलाने वाले स्टीफन फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स से आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। 2008 से शुरू हुआ सुनहरा सफर अब थम गया है।

डिजिटल डेस्कः इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने 18 वर्षों की लंबी साझेदारी को समाप्त करने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि यह निर्णय आपसी सहमति से लिया गया है।

स्टीफन फ्लेमिंग का CSK के साथ सफर 2008 में IPL के पहले सीजन से शुरू हुआ था, जब वह टीम का हिस्सा बतौर खिलाड़ी बने थे। इसके बाद 2009 में उन्हें टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया और तब से उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में CSK ने पांच IPL खिताब जीते, जबकि दो बार चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया। उनके कार्यकाल में टीम ने रिकॉर्ड 12 बार IPL प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार फाइनल तक पहुंचने का कारनामा किया।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जारी बयान में फ्रेंचाइजी की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने फ्लेमिंग के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लगभग दो दशकों तक टीम की सोच, पहचान और जीत की संस्कृति को मजबूत किया। उनका नेतृत्व, समर्पण और जुनून हमेशा CSK की विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

IPL इतिहास में यह कोच और फ्रेंचाइजी के बीच सबसे लंबे और सफल संबंधों में से एक माना जाता है। फ्लेमिंग के अलग होने के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के एक स्वर्णिम अध्याय का समापन हो गया है।

यह भी पढ़ेंः विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी में जुटे भारतीय निशानेबाज, हाई-परफॉर्मेंस कैंप में मनु भाकर समेत 35 खिलाड़ी शामिल

संबंधित समाचार