कायमगंज में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, अवैध तमंचा और हथियार बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गोवध अधिनियम के मामले में वांछित आरोपी को बरामदगी के लिए जंगल ले गई थी पुलिस। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने भागकर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

कायमगंज। फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में पुलिस ने गोवध अधिनियम के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी चंदा उर्फ चाँद मियां को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बरामदगी के दौरान भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के पास जंगल में ले जाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग निकला और झाड़ियों में पहले से छिपाए गए अवैध 315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सूचना मिलने पर जनपदीय फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका और एक छुरी बरामद करने का दावा किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले कायमगंज क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी प्रकरण में आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त औजार जंगल में छिपाने की जानकारी दी थी। बरामदगी के दौरान उसने छिपाए गए अवैध हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। अधिकारी के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 182 PCS अधिकारियों का किया तबादला, कई जिलों के SDM बदले

संबंधित समाचार