रामपुर की कला और विरासत की कायल हुईं ग्रीस की राजदूत, आम महोत्सव से लेकर रामपुरी चाकू तक ने जीता दिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रामपुर दौरे के दूसरे दिन ग्रीस की राजदूत अलीकी कौत्सोमितोपौलू ने अबाया निर्माण इकाई, आम महोत्सव और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। स्थानीय शिल्प, संस्कृति और मेहमाननवाजी की जमकर सराहना की।

रामपुर। भारत में ग्रीस की राजदूत अलीकी कौत्सोमितोपौलू ने रामपुर दौरे के दूसरे दिन शहर की समृद्ध कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने रामपुर की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा करते हुए इस यात्रा को अपने जीवन के यादगार अनुभवों में शामिल बताया।

रविवार को राजदूत ने सबसे पहले बिलासपुर गेट स्थित शन्नू खां की फैक्ट्री का दौरा किया। यहां उन्होंने अबाया निर्माण की बारीक कारीगरी, गुणवत्ता और आधुनिक डिज़ाइनों को करीब से देखा। स्थानीय शिल्पकारों के हुनर से प्रभावित होकर उन्होंने कई अबाया भी खरीदे और उनके कार्य की सराहना की।

इसके बाद राजदूत मच्छन खां के बाग में आयोजित आम महोत्सव में पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न किस्मों के भारतीय ऑर्गेनिक आमों का स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश के आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के कारण विश्वभर में पहचान रखते हैं।

दौरे के दौरान राजदूत ने सामाजिक कार्यकर्ता सबाहत खां के आवास पर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस अवसर पर फैज खां ने उन्हें रामपुर की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले प्रसिद्ध रामपुरी चाकू की स्मृति-भेंट दी। इसके बाद उन्होंने चाकू चौक पहुंचकर दुनिया के सबसे बड़े रामपुरी चाकू का भी अवलोकन किया।

इस दौरान स्थानीय व्यवसायी शमशाद बाबा तथा नैनीताल सांसद अजय भट्ट के प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा ने भी राजदूत से शिष्टाचार मुलाकात की।

ग्रीस की राजदूत अपने पति शाकिर मूसा और राजनयिक दिमित्रियोस सिडेरिस के साथ नूर महल भी पहुंचीं, जहां पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां और उनके पीआरओ काशिफ खां भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 182 PCS अधिकारियों का किया तबादला, कई जिलों के SDM बदले

संबंधित समाचार