Lakhimpur Kheri : भुसैली में घुसे तेंदुए की पकड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत
सिसैया गांव में रात भर चला अभियान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
धौरहरा, अमृत विचार। धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के सिसैया गांव में रविवार देर रात भुसैली में घुसे एक तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पूरी रात रेस्क्यू अभियान चलाया। सोमवार सुबह करीब 10:50 बजे उसे खाबड़ (जाल) की मदद से पकड़ लिया गया, लेकिन वन रेंज कार्यालय लाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन की उपनिदेशक कीर्ति चौधरी मौके पर पहुंचीं और उनकी मौजूदगी में तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया।
रविवार रात करीब 10 बजे पूर्व प्रधान हुसैन खां के केले के खेत से निकलकर एक तेंदुआ गांव में आ गया। तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर वह गांव निवासी नाजिम अली की भुसैली में घुसकर छिप गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने भुसैली के चारों ओर घेराबंदी कर जाल और खाबड़ लगाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पूरी रात चली निगरानी के बाद सोमवार सुबह तेंदुआ खाबड़ में फंस गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में बंद कर वन रेंज कार्यालय लाया गया।
वन विभाग के अनुसार, रेंज कार्यालय पहुंचने के कुछ देर बाद तेंदुए की तबीयत बिगड़ गई। पशु चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन करीब 11:50 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उपनिदेशक कीर्ति चौधरी मौके पर पहुंचीं और उनकी मौजूदगी में पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के कारण सिसैया गांव में पूरी रात दहशत का माहौल बना रहा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
सुबह 10:50 बजे तेंदुए का रेस्क्यू किया गया था। वन रेंज लाने के बाद उपचार के दौरान 11:50 बजे उसकी मौत हो गई। तेंदुआ मादा था और उसे दौरे पड़ रहे थे। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। - कीर्ति चौधरी, उपनिदेशक (बफर जोन), दुधवा टाइगर रिजर्व, लखीमपुर खीरी।
