Balrampur News : रोवर तकनीक से होगा सटीक भूमि सीमांकन, डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम धुसाह में गाटा संख्या-399 स्थित पानी खाते की भूमि पर रोवर (जीएनएसएस रोवर) तकनीक से किए जा रहे सीमांकन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
बलरामपुर/अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम धुसाह में गाटा संख्या-399 स्थित पानी खाते की भूमि पर रोवर (जीएनएसएस रोवर) तकनीक से किए जा रहे सीमांकन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक से हो रहे सीमांकन की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि रोवर तकनीक के उपयोग से भूमि सीमांकन पहले की तुलना में अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से किया जा सकेगा। इससे सीमांकन में लगने वाला समय कम होगा और आमजन को जल्द राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाने से सीमांकन से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और भूमि विवादों में भी प्रभावी कमी आएगी।
डीएम ने बताया कि जीएनएसएस रोवर उपग्रह आधारित आधुनिक सर्वेक्षण प्रणाली है, जिसके माध्यम से फीता और जरीब के बिना वैज्ञानिक एवं अत्यंत सटीक सीमांकन किया जा सकता है। इससे मानवीय त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहती है और पूरी प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय व पारदर्शी बनती है।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोवर तकनीक का अधिकाधिक उपयोग करते हुए सीमांकन संबंधी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे अनावश्यक भूमि विवादों में कमी लाई जा सके। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम हेमंत गुप्ता, तहसीलदार सदर तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
