Bahraich News: सैयद सालार मसूद गाजी दरगाह की जमीनों पर कब्जे को लेकर खुद्दामों ने खोला मोर्चा
बहराइच, अमृत विचार। शहर में स्थित सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह कमेटी पर बीते दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगाये गए थे। उसके बाद सोमवार बड़ी संख्या में दरगाह के खुद्दामों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच दरगाह में भ्रष्टाचार के आरोपों को नकारते हुए कहा कि जो लोग खुद वहां की जमीनों पर कब्जा किये हुए है। वो गलत आरोप लगा रहे हैं।
दरगाह शरीफ की ज़मीन पर कब्ज़ा करने और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर दरगाह के खुद्दामों ने ज़िला अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। खुद्दामों का आरोप है कि कुछ ठेकेदार दरगाह की करोड़ों की ज़मीन पर कब्ज़ा करके बैठे हैं और समिति पर बे बुनियाद भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। दरगाह के खुद्दामों के अनुसार, यह ठेकेदार करीब 8-10 वर्षों से दरगाह का बकाया पैसा नहीं दे रहे हैं, जिस पर दरगाह ने उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
खुद्दामों ने बताया कि उन पर लगे आरोपों के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है जो दरगाह की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। खुद्दामों ने दावा किया कि ठेकेदारों पर दरगाह का लगभग ढाई करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। उन्होंने ज़िला प्रशासन से दरगाह की ज़मीन को कब्ज़ा मुक्त कराने और बकाया धनराशि वसूलने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद को सौंपा ।
