UP में किसानों को नहीं होगी यूरिया-DAP और NPK की कोई किल्लत, कालाबाजार पर कृषि विभाग की पैनी नजर
उत्तर प्रदेश में धान की रोपाई चल रही है। खाद का भरपूर स्टॉक रखा जाए। यूरिया, डीएपी और एनपीके की कालाबाजार पर विशेष नजर रखें। समितियों से लेकर प्राइवेट खाद विक्रेताओं की निगरानी करें।
डिजिटल डेस्क : उत्तर प्रदेश में धान की रोपाई चल रही है। खाद का भरपूर स्टॉक रखा जाए। यूरिया, डीएपी और एनपीके की कालाबाजार पर विशेष नजर रखें। समितियों से लेकर प्राइवेट खाद विक्रेताओं की निगरानी करें। राज्य के किसी भी हिस्से में खाद को लेकर किसानों के सामने कोई समस्या नहीं आए। सोमवार को कृषि निदेशालय में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग के विशेष सचिव ओपी वर्मा और कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी की उपस्थिति में कृषि विभाग ने खरीफ और रबी सीजन के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की स्थिति परखी। बिज वितरण पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को प्रमाणित बीज भी बांटा जाए।
निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक तय समय में केंद्रों को बीज उपलब्ध करा दिया जाए। इसकी मॉनीटरिंग की जाए। इसके साथ ही किसानों को अपनी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिले और सब्सडी वाली योजनाओं का भरपूर लाभ। इसके बारे में जागरुकता मुहिम भी जारी रखी जाए।
4 करोड़ पौधे लगाएंगे
कृषि विभाग 4 करोड़ पौधे लगाएगा। लक्ष्य के मुताबिक पौधरोपण की स्थिति परखी गई। जिलेवार समीक्षा हुई। यह भी कहा गया कि केवल पौधे लगाकर नहीं छोड़ना है, बल्कि तीन साल तक उनकी परवरिश करनी है। ताकि जो पौधे लगाए हैं वो सरसब्ज हो सकें। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। पौधरोपण के फोटो भी मांग गए हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे
कृषि विभाग की बैठक में विशेष सचिव कृषि ओपी वर्मा, कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी, निदेशक सांख्यिकी सुमिता सिंह, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण के निदेशक रमेश कुमार मौर्य, अपर निदेशक कृषि रक्षा व बीज एवं प्रक्षेत्र आशुतोष मिश्रा, संयुक्त निदेशक ब्यूरो अखिलेश कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक उर्वरक हरेंद्र मिश्र उपस्थित रहे।
