फ्लैट का झांसा देकर बिल्डर ने हड़पे 20 लाख
डीसीपी पूर्वी के आदेश पर इंदिरानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: खुर्रमनगर स्थित आरिफ हाईट्स अपार्टमेंट में फ्लैट बेचने का झांसा देकर बिल्डर ने एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये ठग लिए। तय समय बाद भी रजिस्ट्री न होने पर पीड़ित ने संपर्क किया तो पता चला कि बिल्डर ने उक्त संपत्ति पर लोन लिया है। डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा के आदेश पर इंदिरानगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मूल रूप से विकासनगर सेक्टर-4 निवासी संदीप सक्सेना परिवार संग महानगर के पंचवटी कॉलोनी स्थित उमा अपार्टमेंट में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में वे एक फ्लैट खरीदने के इच्छुक थे। इसी दौरान उनकी मुलाकत बिल्डर मोहम्मद आरिफ निवासी खुर्रमनगर से हुई। बातचीत में आरोपी ने खुर्रमनगर स्थित आरिफ हाईट्स अपार्टमेंट के पहले तल पर फ्लैट बेचने का आश्वासन दिया। निर्माण कार्य पूरा होने के एक वर्ष के भीतर बैनामा कर कब्जा दे दिया जाएगा।
सौदा तय होने पर पीड़ित ने एग्रीमेंट कर 20 लाख रुपये चेक से दिए थे। दिसंबर 2024 तक बैनामा न होने पर पीड़ित ने संपर्क किया तो आरोपी ने आनाकानी शुरु कर दी। पीड़ित ने नोटिस भेजी लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर पीड़ित संदीप ने छानबीन की तो पता चला कि उक्त संपत्ति पर जम्मू एंड कश्मीर बैंक अमीनाबाद शाखा से लोन लिया गया था। आरोप है कि आरोपी ने जाली दस्तावेज की मदद से बैंक में लोन लिया था। इंदिरानगर पुलिस ने संदीप की तहरीर पर बिल्डर मोहम्मद आरिफ के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
