Bareilly News : उर्स और कांवड़ साथ-साथ, सुरक्षा को लेकर अलर्ट पर पुलिस-प्रशासन
संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थान चिह्नित, सुरक्षा का खाका तैयार, करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती, अर्धसैनिक बल की भी होगी मांग
बरेली, अमृत विचार। अगस्त के दूसरे सप्ताह में उर्स और सावन की कांवड़ यात्रा एक साथ होने से पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। दोनों बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुलिस प्रशासन जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा योजना तैयार कर रहा है।
10 अगस्त को सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी दौरान कांवड़ यात्रा भी चरम पर होगी, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाएगा। उर्स के दौरान इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान, चौपुला, कुतुबखाना, नॉवेल्टी चौराहा और दरगाह क्षेत्र में सबसे अधिक भीड़ रहती है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का विस्तृत खाका तैयार कर रहे हैं। किस स्थान पर कितनी पुलिस फोर्स तैनात होगी, किन मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा और किन इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी, इसके लिए विस्तृत योजना बनाई जा रही है। अब तक की योजना के दौरान करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की आवश्यकता का भी आकलन किया जा रहा है। अब तक जिले में करीब 45 से 50 संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने की भी योजना है।
जिले में कावड़ को लेकर पुलिस तैयारी कर रही है। हर मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे है। कहां कितना फोर्स लगाना है इसका आकलन किया जा रहा है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को चिंहित किया गया है। -मोहम्मद अकमल खान, एसपी ट्रैफिक।
