बाराबंकी : डकैती कांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मोस्ट वांटेड जाट गैंग के सरगना को दबोचा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी में स्वाट, सर्विलांस और थाना देवा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम ग्वारी में हुई डकैती की घटना में वांछित व जाट गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह अब तक छह डकैत पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। आरोपी के कब्जे से लूट से संबंधित नकदी, जेवरात तथा अवैध असलहा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार 22 मई को देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ग्वारी स्थित किराना व्यापारी के घर नकदी व जेवर मिलाकर एक करोड़ की डकैती हुई थी। इस घटना के छह दिन बाद पुलिस ले मामले का खुलासा किया और दो बदमाशों को गोली मारकर पकड़ने के अलावा तीन अन्य को दबोचा था। पुलिस के अनुसार यह घटना जाट गैंग ने अंजाम दी थी। 

घटना में वांछित चल रहे अभियुक्त रोहित जाट उर्फ रोहित कुमार पुत्र मान सिंह निवासी पन्डरावल थाना छतारी जनपद बुलन्दशहर को गुरुवार के दिन बरवास रोड थाना देवा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।  पूछताछ और निशानदेही पर आरोपी के पास से लूट के 36 हजार रुपये, करीब 12.250 ग्राम पीली धातु के कटे हुए जेवर, एक तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। 

इसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व 27 मई को इसी डकैती कांड में शामिल पांच अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी का विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामलों में लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी में 3 लाख घरों को मिलेगी फ्री बिजली, टाटा पावर करेगा रुफटॉप सोलर इंस्टॉल

संबंधित समाचार