Pilibhit : पड़ोसी को बचाने गए कपड़ा व्यापारी को मारी गोली, सरेशाम हुई वारदात..सीसीटीवी चेक कर रही पुलिस
बिलसंडा, अमृत विचार। बमरोली तिराहा पर दिनदहाड़े पहले बाइक पर सवार होकर आए आधा दर्जन युवकों ने साइकिल व्यापारी पर हमला किया। यह देख जब पड़ोस के ही कपड़ा व्यापारी बीच बचाव कराने पहुंचे तो एक आरोपी ने उन पर फायर कर दिया। कपड़ा व्यापारी के कंधे में गोली लगी। हमलावर बाइकों पर सवार होकर भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घायल को प्राथमिक इलाज के बाद बरेली रेफर कर दिया गया है। थाने से एक किमी से भी कम दूरी पर हुई घटना से हड़कंप मचा रहा।
बता दें कि कस्बा बिलसंडा के गोला रोड के रहने वाले पप्पू गुप्ता (54) पुत्र श्रीकृष्ण गुप्ता की बमरौली तिराहा पर कपड़े की दुकान है। उनके पड़ोस में ही पंकज की साइकिल की दुकान है। बताते हैं कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे पंकज की दुकान पर कुछ लोग बाइकों पर सवार होकर आए और गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही दूरी पर स्थित खोखे से लौट रहे कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता ने पड़ोसी दुकानदार से मारपीट होते देखा तो वह बीच बचाव कराने के लिए पहुंच गए। इस बीच आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसी बीच एक आरोपी ने फायर कर दिया। गोली कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता के कंधे पर लगी। जिसके बाद हमलावर भाग गए। आनन-फानन में घायल को सीएचसी भिजवाया गया, वहां से प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किए जाने पर परिजन उन्हें बरेली ले गए। इधर, घटना की सूचना मिलने पर सीओ बीसलपुर विधि भूषण मौर्य, एसओ सिद्धांत शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी की। आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी चेक की गई। बताते हैं कि साइकिल व्यापारी का अपने ससुरालियों से विवाद चल रहा है। हालांकि हमलावर ससुरालिये थे या कोई और..इसे लेकर तस्वीर देर शाम तक स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस इस बिंदु पर भी पड़ताल करने में जुटी रही। सीओ ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
