बाराबंकी में सिलेंडर में रिसाव से लगी आग, पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलसे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी में शुक्रवार को एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज से अचानक आग लग गई, घटना में पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। निजी अस्पताल से सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार कस्बा स्थित वार्ड नंबर 4 निवासी अल्लू सोनी अपनी पत्नी वीना सोनी 36, बेटी वैष्णवी 13 और ढाई साल के बेटे बालाजी के साथ छोटे से मकान में रहते हैं। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले अल्लू किसी तरह घर का खर्च चला रहे थे। 

शुक्रवार सुबह उनकी पत्नी वीना सोनी रसोई में खाना बना रही थीं तभी गैस सिलेंडर से जुड़ी पाइप में लीकेज से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह चारों को बाहर निकाला। तब तक अल्लू सोनी, उनकी पत्नी वीना, बेटी वैष्णवी और मासूम बालाजी गंभीर रूप से झुलस गए थे।

तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया पर डॉक्टरों ने चारों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लोगों का कहना है कि अल्लू सोनी बेहद गरीब परिवार से हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करते हैं। प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

ये भी पढ़ें  : 
बाराबंकी : डकैती कांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मोस्ट वांटेड जाट गैंग के सरगना को दबोचा

संबंधित समाचार