FIFA World Cup: एक ही दिन में 2 बार रेप का आरोप... फीफा में थॉमस पार्टी की नो-एंट्री, कनाडा कोर्ट ने दिया बड़ा झटका
ओटावाः बलात्कार के कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे घाना के स्टार मिडफील्डर थॉमस पार्टी (Thomas Partey) को फीफा विश्व कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। कनाडा के एक फेडरल जज ने खिलाड़ी को देश में प्रवेश की अनुमति (Entry Denied) देने से साफ इनकार कर दिया है। कनाडा सरकार द्वारा पिछले हफ्ते थॉमस पार्टी का वीजा आवेदन रद्द किए जाने के बाद कोर्ट ने भी इस फैसले पर मुहर लगा दी है।
इस अदालती फैसले के कारण थॉमस पार्टी बुधवार को टोरंटो में पनामा के खिलाफ होने वाले घाना के पहले विश्व कप मैच में मैदान पर नहीं उतर सकेंगे। हालांकि, वह फिलहाल अमेरिका में ही रहेंगे और अमेरिका में होने वाले अगले दो मैचों के लिए टीम के साथ जुड़ सकेंगे।
आर्सनल के पूर्व खिलाड़ी पर लगे हैं संगीन आरोप
33 वर्षीय थॉमस पार्टी के खिलाफ बलात्कार और यौन उत्पीड़न का मुख्य मामला ब्रिटेन में चल रहा है। उन पर साल 2020 से 2025 के बीच इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) क्लब आर्सनल (Arsenal) के लिए खेलने के दौरान कई महिलाओं के साथ डेटिंग के वक्त यौन हिंसा करने के आरोप हैं।
स्पेनिश क्लब विलारीयाल के लिए खेलने वाले थॉमस पार्टी को अभी तक कोर्ट द्वारा दोषी साबित नहीं किया गया है, लेकिन उनके खिलाफ कई मामलों की सुनवाई लंबित है। इसी साल मार्च में खिलाड़ी के वकील ने कहा था कि थॉमस खुद को बेकसूर साबित करने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
एक ही दिन में दो बार रेप का आरोप, खुली पुरानी फाइलें
थॉमस पार्टी की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब एक महिला ने उन पर दिसंबर 2020 में एक ही दिन में दो बार बलात्कार करने का नया और गंभीर आरोप लगाया। खिलाड़ी पहले से ही दो अन्य महिलाओं से जुड़े बलात्कार के 5 मामलों और एक अन्य महिला से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले में अदालती सुनवाई का इंतजार कर रहा था। जैसे ही ये पुराने मामले सार्वजनिक हुए, खिलाड़ी के खिलाफ नए आरोप भी सामने आ गए। इसी आपराधिक बैकग्राउंड को देखते हुए कनाडा कोर्ट ने उन्हें अपने देश की धरती पर कदम रखने की इजाजत नहीं दी।
