हज यात्रा 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई
-हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और ''''हज सुविधा'''' ऐप पर उपलब्ध है आवेदन प्रक्रिया -चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक जमा करनी होगी 1.52 लाख रुपये की अग्रिम राशि
लखनऊ, अमृत विचार: हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 22 जून से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हज कमेटी की वेबसाइट hajcommittee.gov.in और 'हज सुविधा' मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकते हैं।
हज कमेटी के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। प्रोविजनल रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी। आवेदकों को आवेदन से पहले हज-2027 की नीति और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर भी जानकारी उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन के लिए वैध अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक या निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार का समय विस्तार नहीं दिया जाएगा।
साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पूरी तैयारी और हज यात्रा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें, क्योंकि चयन के बाद सीट निरस्त कराने पर निर्धारित नियमों के अनुसार जमा राशि में कटौती की जाएगी।
