Ballia News: निजी बस से टकराई मोटरसाइकिल, पति-पत्नी की मौत 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मोटरसाइकिल के खड़ी निजी बस से टकरा जाने से 35 वर्षीय व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने वृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार को रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। 

पुलिस ने बताया कि मऊ से इलाज कराकर घर लौटते समय रसड़ा-मऊ मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस से विनोद प्रजापति की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर टकरा गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में विनोद प्रजापति (35) और उनकी पत्नी मुन्नी देवी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। 

पुलिस ने बताया कि उन्हें रसड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बुधवार देर शाम इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। रसड़ा कोतवाली प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि मृतक पड़ोसी जिले गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पैकौली पाटेपुर गांव के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

 

संबंधित समाचार