लखनऊ एयरपोर्ट पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 'प्राइवेट' गाड़ी को 'कमर्शियल' बनाने वालों पर गिरी गाज, 60 के चालान और 7 वाहन सीज
लखनऊ, अमृत विचारः निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध परिवहन विभाग ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 16 और 17 जून तक दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहनों को सीज किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार चालान किए गए वाहनों में 20 वाहन ऐसे पाए गए जो निजी पंजीकरण के बावजूद व्यावसायिक कार्यों में प्रयुक्त हो रहे थे। ऐसे मामलों में 3 वाहनों को निरुद्ध भी किया गया।
आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पाण्डेय ने बताया कि संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर पंजीयन अधिकारियों के माध्यम से उन्हें व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य वाहनों के विरुद्ध कर बकाया और परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई की गई। अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) आलोक कुमार यादव, पीटीओ हरदोई खेमानंद पाण्डेय, पीटीओ रायबरेली विक्रांत सिंह और पीटीओ सीतापुर आब्दीन अहमद शामिल रहे।
