Lucknow Fire Tragedy : सीएम योगी ने रद्द किए आज सभी आधिकारिक कार्यक्रम
अमृत विचार, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड के बाद 23 जून के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्हें मंगलवार को हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करना था। इसके बाद आगरा में उन्हें विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेनी थी।
गौरतलब है कि जिस समय यह अग्निकांड हुआ, सीएम योगी अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी मिलते ही अपना दौरा बीच में रद्द कर दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। वह सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने केजीएमयू जाकर घायल बच्चों व उनके परिजनों से भी मुलाकात की।
अग्निकांड में घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए : अखिलेश
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग एवं एनीमेशन सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में छात्र-छात्राओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सपा प्रमुख ने कहा कि हादसे में घायल छात्र-छात्राओं को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरतनी चाहिए। सपा प्रमुख के निर्देश पर सपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी पार्टी नेताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
