लखनऊ अग्निकांड : KJMU में भर्ती 5 लोगों को मिली छुट्टी, गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद घायलों का इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद घायलों का इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में जारी है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 15 छात्रों के शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू लाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार अधिकांश मौतें दम घुटने की वजह से हुई हैं।

केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर प्रेम राज सिंह ने बताया कि 15 छात्रों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जबकि घायल होकर पहुंचे 8 छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि एक छात्र के रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं एक छात्रा के पैर में भी चोट आई है।

"15 बच्चों को मृत अवस्था में यहां लाया गया था, जबकि घायल अवस्था में लाए गए 8 बच्चों की स्थिति स्थिर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुई हैं।"
डॉ. प्रेम राज सिंह, केजीएमयू

केजीएमयू के प्रवक्ता के.के. सिंह ने बताया कि पांच छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है क्योंकि उनकी चोटें गंभीर नहीं थीं। वहीं दो गंभीर रूप से घायल छात्रों का इलाज अभी भी जारी है। इनमें लवप्रीत नाम की छात्रा के बाएं जांघ में चोट आई है। एक्स-रे रिपोर्ट में किसी तरह का फ्रैक्चर नहीं मिला है। परिजनों के आने के बाद उसे छुट्टी दी जा सकती है।

दूसरे घायल छात्र जयंत की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए वह ऊपरी मंजिल से कूद गया था, लेकिन नीचे मौजूद लोहे की रॉड उसकी पीठ में घुस गई, जिससे स्पाइनल कॉर्ड को नुकसान पहुंचा है। सीटी स्कैन में रीढ़ की हड्डी और नसों में चोट व सूजन की पुष्टि हुई है। डॉक्टर अब एमआरआई रिपोर्ट के आधार पर आगे के इलाज और संभावित सर्जरी पर फैसला करेंगे।

"जयंत की जान तो बच गई, लेकिन उसकी स्पाइनल कॉर्ड में गंभीर चोट आई है। एमआरआई के बाद तय होगा कि उसे सर्जरी की जरूरत है या दवाओं से इलाज संभव होगा।"
के.के. सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे सांसद संजय सिंह, जाना घायलों का हाल

इस बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही फायर ब्रिगेड की प्रतिक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

संजय सिंह ने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंची तो इसकी वजहों की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

संबंधित समाचार