UP EV Subsidy: यूपी में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की मची होड़, आवेदन में लखनऊ नंबर वन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-5 हजार से 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही योगी सरकार, रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में भी 100% छूट -नोएडा, आगरा, गाजियाबाद और वाराणसी भी शीर्ष जिलों में, छोटे शहरों में भी बढ़ा इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) विनिर्माण एवं मोबिलिटी प्रोत्साहन नीति-2022 का असर तेजी से दिखाई दे रहा है। परिवहन विभाग के अनुसार ईवी क्रय सब्सिडी योजना के तहत सबसे अधिक आवेदन राजधानी लखनऊ से प्राप्त हुए हैं। इसके बाद आगरा, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद और वाराणसी का स्थान है। सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी और कर छूट के कारण बड़े शहरों के साथ ही छोटे जिलों में भी इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है।

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार लखनऊ ट्रांसपोर्ट नगर आरटीओ में सर्वाधिक 12,520 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद आगरा में 10,752, गौतमबुद्ध नगर में 6,088, गाजियाबाद में 5,556, वाराणसी में 4,059, कानपुर नगर में 3,895, लखनऊ महानगर एआरटीओ में 3,839, सहारनपुर में 3,768, गोरखपुर में 3,204 और प्रयागराज में 3,110 आवेदन दर्ज किए गए हैं। योजना का प्रभाव अब छोटे जिलों में भी दिखाई देने लगा है। मऊ में 817, गाजीपुर में 750, कुशीनगर में 547, उन्नाव में 387, महाराजगंज में 170, संत कबीर नगर में 101 और सिद्धार्थनगर में 74 लोगों ने ईवी सब्सिडी के लिए आवेदन किया है।

विभाग के अनुसार यदि वर्ष 2030 तक देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत तक पहुंचती है तो कच्चे तेल के आयात पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये तक की बचत संभव है। इस लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए दोपहिया ईवी पर 5 हजार रुपये, चार पहिया ईवी पर एक लाख रुपये और गैर-सरकारी इलेक्ट्रिक बसों पर 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही है। इसके अलावा रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट भी दी जा रही है। इससे दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर कुल मिलाकर करीब 18 हजार रुपये तक की बचत संभव है।

सबसे अधिक आवेदन वाले जिले

जिला आवेदन

लखनऊ (ट्रांसपोर्ट नगर) 12,520

आगरा 10,752

गौतमबुद्ध नगर 6,088

गाजियाबाद 5,556

वाराणसी 4,059

कानपुर नगर 3,895

लखनऊ महानगर 3,839

सहारनपुर 3,768

गोरखपुर 3,204

प्रयागराज 3,110

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: गोंडा में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में गैंगवार, फायरिंग में गोली लगने से एक घायल, इलाके में हड़कंप

संबंधित समाचार