Balrampur News : कस्तूरबा और आश्रम विद्यालयों में शुरू हुई डिजिटल पढ़ाई, बालिकाओं को मिलेंगे राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संसाधन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-सीमावर्ती क्षेत्र की बालिकाओं को अब मिलेंगे राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई शुरुआत

बलरामपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की विशेष पहल पर जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और आश्रम पद्धति विद्यालय विशुनपुर विश्राम में देश के अग्रणी डिजिटल स्टडी प्लेटफॉर्म फिजिक्स वाला के माध्यम से नियमित डिजिटल कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। इस पहल से ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों की छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया अवसर मिला है।

डिजिटल अध्ययन व्यवस्था के तहत छात्राएं अब विद्यालय परिसर में ही विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, प्रैक्टिस मॉड्यूल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री का लाभ उठा रही हैं। पढ़ाई शुरू होने के साथ ही छात्राओं में उत्साह का माहौल है और वे नई तकनीक के जरिए सीखने के अनुभव को लेकर काफी उत्साहित हैं।

जिला प्रशासन का मानना है कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों की बालिकाओं को भी महानगरों के विद्यार्थियों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। डिजिटल माध्यम से छात्राओं के ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है, जिससे उनके लिए उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के नए रास्ते खुलेंगे।

विद्यालयों में डिजिटल अध्ययन के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राएं नियमित रूप से ऑनलाइन अध्ययन कर रही हैं। बलरामपुर जैसे आकांक्षी और सीमावर्ती जनपद में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रही है और इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा बालिका सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
Balrampur News : बलरामपुर के 12,599 शिक्षाकर्मियों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज, राज्यमंत्री राकेश राठौर ने बांटे मुख्यमंत्री कैशलेस हेल्थ कार्ड

संबंधित समाचार