Raebareli News : फर्जी लोन घोटाले में पांच और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 की गिरफ्तारी
रायबरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के फर्जी पर्सनल लोन घोटाले में पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन दिलाने वाले गिरोह के अब तक 12 सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
रायबरेली, अमृत विचार। बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पर्सनल लोन दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित फर्जी लोन घोटाले में अब तक कुल 12 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फर्जी सैलरी स्लिप, नियुक्ति पत्र और आधार कार्ड में पता बदलवाकर बैंक से पर्सनल लोन स्वीकृत कराने का काम करते थे। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को बंधा रोड मोड़ के पास से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामनेरश भारती, राजेन्द्र कुमार, मनोज कुमार गौतम, करन सिंह और सूरज सोनी शामिल हैं। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए धारा 61(2)(क) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
48 लोन खातों की जांच में खुला था फर्जीवाड़ा
पुलिस के मुताबिक, 29 दिसंबर 2025 को बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा रायबरेली के मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में 48 पर्सनल लोन खातों में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लोन स्वीकृत कराने का संगठित नेटवर्क चला रहा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
