Barabanki News: तहसील परिसर की अव्यवस्थाओं पर बार एसोसिएशन का विरोध, पार्किंग और स्थायी धरना स्थल की मांग
बाराबंकी में बार एसोसिएशन ने तहसील परिसर की अव्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने वाहन पार्किंग की व्यवस्था और न्यायिक कार्य प्रभावित होने से बचाने के लिए स्थायी धरना स्थल बनाने की मांग की।
बाराबंकी, अमृत विचार। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तहसील परिसर की अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर के आसपास समुचित वाहन पार्किंग और परिसर से बाहर स्थायी धरना स्थल बनाए जाने की मांग की।
पार्किंग अव्यवस्था से रोज लग रहा जाम
ज्ञापन में कहा गया कि तहसील परिसर में ग्राम न्यायालय, उपजिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार व नायब तहसीलदार समेत आठ न्यायालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन 250 से 300 वादकारी, इतने ही अधिवक्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पहुंचते हैं। तहसील परिसर और सीएचसी रोड पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जो विद्यालयों की छुट्टी के समय और गंभीर हो जाती है।
न्यायिक कार्य प्रभावित, परिसर से बाहर बने स्थायी धरना स्थल
बार एसोसिएशन ने यह भी कहा कि तहसील परिसर में होने वाले राजनीतिक व गैर-राजनीतिक धरना-प्रदर्शनों से न्यायिक कार्य प्रभावित होता है और कानून-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसलिए कस्तूरबा गांधी विद्यालय के निकट स्थायी धरना स्थल घोषित किया जाए, ताकि न्यायालयों का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान बार संघ अध्यक्ष प्रेम चंद्र पाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव नयन तिवारी, महामंत्री मनीष श्रीवास्तव, श्रवण वर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
