Barabanki News : ज्योरी डिलीवरी प्वाइंट पर गूंजी पहली किलकारी, CMO ने किया निरीक्षण
मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत ज्योरी में नवस्थापित डिलीवरी प्वाइंट (प्रसव केंद्र) पर पहले स्वस्थ शिशु के जन्म के साथ चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत हो गई। दहेजिया गांव की एक प्रसूता ने मंगलवार रात सीएचओ प्रिया वर्मा और एएनएम रिंकी मौर्य की देखरेख में स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

बुधवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेस्वामी ने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल बाश, डॉ. पंकज चौधरी तथा सीएचसी बड़ागांव के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ के साथ डिलीवरी प्वाइंट का निरीक्षण कर जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपकरणों, दवाइयों और स्टाफ की उपलब्धता का जायजा लेते हुए प्रथम शिशु के जन्म पर स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी।
जानिए क्या बोले मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेस्वामी...
डॉ. राधेस्वामी ने कहा कि ग्राम स्तर पर डिलीवरी प्वाइंट शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने सीएचसी बड़ागांव के लेबर रूम, ओपीडी, जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) वार्ड और जनरल वार्ड का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
