Barabanki News : निलंबित सर्जन डॉ. रोहित प्रसाद की अलमारी सील, कब्जे में लिए गए रिकॉर्ड, जानें पूरा मामला
बाराबंकी जिला अस्पताल के निलंबित वरिष्ठ सर्जन डॉ. रोहित प्रसाद के खिलाफ जारी विभागीय कार्रवाई ने तेजी पकड़ ली है। शासन के आदेश पर गठित चिकित्सकों की चार सदस्यीय जांच समिति ने अस्पताल पहुंचकर उनके कक्ष की जांच की और महत्वपूर्ण अभिलेख लेकर अलमारी सील कर दी।
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला अस्पताल के निलंबित वरिष्ठ सर्जन डॉ. रोहित प्रसाद के खिलाफ जारी विभागीय कार्रवाई ने तेजी पकड़ ली है। शासन के आदेश पर गठित चिकित्सकों की चार सदस्यीय जांच समिति ने अस्पताल पहुंचकर उनके कक्ष की जांच की और महत्वपूर्ण अभिलेख लेकर अलमारी सील कर दी। बुधवार को जांच के लिए आई टीम ने सीएमएस डॉ. जयप्रकाश मौर्य के नेतृत्व में ओपीडी स्थित कक्ष का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान उपलब्ध रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया और आगे की विभागीय जांच के मद्देनजर अलमारी सील कर दी गई। इससे पहले निलंबित डाक्टर को उनका सामान सौंपकर विभागीय अभिलेख कब्जे में लिए गए। बताते चलें कि शासन ने एक जुलाई को डॉ. रोहित प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। उन पर समय पर ओपीडी में न बैठने, ऑपरेशन थिएटर में निर्धारित समय पर उपस्थित न रहने, मरीजों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
जानिए क्या बोले सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य
शासन ने इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन का मामला मानते हुए विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की है। निलंबन अवधि में डॉ. रोहित प्रसाद को अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अयोध्या मंडल कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विभागीय जांच के लिए निदेशक (पैरामेडिकल), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने कार्रवाई की पुष्टि कर बताया कि नामित टीम की जांच जारी है।
