Bareilly News : ग्रीन पार्क में अधिवक्ता दंपत्ति पर जानलेवा हमला
एडवोकेट उमंग रावत व पत्नी दीप्ति सक्सेना को पड़ोसी ने किया लहूलुहान, गुस्से में बार एसोएसिएशन
बरेली, अमृत विचार। थाना बारादरी क्षेत्र की ग्रीन पार्क कालोनी में वरिष्ठ अधिवक्ता उमंग रावत और उनकी पत्नी दीप्ति सक्सेना एडवोकेट को पड़ोसी पर पड़ोसी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता दंपत्ति लहूलुहान हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से बार एसोसिएशन गुस्से में है और पदाधिकारियों ने दोषी के खिलाफ कठोर एक्शन की मांग उठाई है।
ग्रीन पार्क के रहने वाले उमंग रावत सीनियर एडवोकेट हैं। उनकी पत्नी दीप्ति सक्सेना भी अधिवक्ता हैं और बार एसोएसिएशन की वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य हैं। हमले में लहूलुहान हुए उमंग रावत एडवोकेट ने पुलिस को बताया कि उनका पड़ोसी आए दिन गलत भाषा का इस्तेमाल करता है। बुधवार को वह पत्नी के साथ शिकायत करने गए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने धारदार हथियार से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।
अधिवक्ताओं से गुस्से पर भड़के बरेली बार
अधिवक्ता दंपत्ति के साथ हुई हमले की घटना ने बरेली बार एसोएसिशन को गुस्से में ला दिया है। पता होते ही पदाधिकारियों के साथ पहुंचे बार अध्यक्ष मनोज हरित एडवोकेट और सचिव दीपक पांडेय एडवोकेट ने कहा कि वकीलों पर आए दिन हमले हो रहे हैं। लंबे समय से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही। सचिव दीपक पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराए जाने के लिए थाने में तहरीर दे दी है। हमले का बार एसोसिएशन कड़ा विरोध करती है। आरोपी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, बारादरी इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष डॉ. पवन सक्सेना ने भी घटना की कड़ी निंदा की। बार अध्यक्ष और सचिव दीपक पांडेय के साथ ललित कुमार सिंह, पूर्व सचिव, तरुण जोशी, विवेक शर्मा समेत तमाम अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे और घायल दंपत्ति से मिलकर मदद का भरोसा दिया।
