यूपी के इन जिलों में अगले 5 दिनों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने वाली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने राज्य में अगले पांच दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई जिलों में भारी वर्षा, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

दिन-प्रतिदिन के अनुसार मौसम का पूर्वानुमान

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दो जुलाई के लिए प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। इन दोनों दिन भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा का खतरा बना रहेगा।

इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

गुरुवार (दो जुलाई) के लिए विशेष अलर्ट:मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौषांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है।वहीं प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, संभल, जालौन सहित प्रदेश के अनेक जिलों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

तीन जुलाई का पूर्वानुमान

बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर, रायबरेली, मेरठ, आगरा और जालौन सहित कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

चार जुलाई का पूर्वानुमान

सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश तथा प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन और आसपास के क्षेत्रों में वज्रपात का खतरा बना रहेगा।

आम जनता और किसानों के लिए मौसम विभाग की जरूरी सलाह

आम नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने को कहा गया है।

किसानों के लिए विशेष कृषि सलाह

विभाग ने किसानों को अपने खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, तेज हवा और भारी वर्षा के दौरान कृषि कार्य स्थगित रखने तथा फसलों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।

संबंधित समाचार